कोरबा 18 फरवरी 2026 : जिले के किसान अपनी दलहन-तिलहन फसलों को प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान ( PM-AASHA ) के अंतर्गत प्राईस सपोर्ट स्कीम के तहत अरहर, उड़द, मूंग, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर, एवं सरसों का विक्रय आदिम जाति सहकारी समिति के माध्यम से कर सकेंगे। जिस हेतु पात्र इच्छुक किसान अपना पंजीयन ‘‘एकीकृत किसान पोर्टल‘‘ के माध्यम से 28 फरवरी 2026 तक करा सकते है।
उपार्जन की अवधि मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन हेतु 01 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक, अरहर एवं सरसों के लिए 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक तथा चना एवं मसूर के लिए 01 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जटगा एवं कोरबी (पोड़ीउपरोड़ा) में किया जाएगा। उपार्जन हेतु फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित है जिसमें अरहर – 08 हजार रुपए प्रति क्विंटल, मूंग-8768 हजार रुपए प्रति क्विंटल, उड़द-7800 हजार रुपए प्रति क्विंटल, मूंगफली-7263 हजार रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन-5328 रुपए प्रति क्विंटल, चना-5875 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर-07 हजार रुपए प्रति क्विंटल एवं सरसों-6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।
एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत कृषकों से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी किया जायेगा। पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज-किसान का मोबाईल नंबर, आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका/बी-1 है। अधिक जानकारी हेतु कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी/वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी/अधिसूचित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के समिति प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं।
Must Read



